नाइजीरियन महिला से हेरोइन लाकर करता था सप्लाई
आरोपी के कब्जे से 255 ग्राम हेरोइन बरामद, पुलिस रिमांड पर आरोपी
कपड़े की दुकान पर करता था काम, बाद में करने लगा तस्करी का धंधा
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। दिल्ली की नाइजीरियन महिला से थोक के भाव में हेरोइन लाकर लुधियाना के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करने वाले आरोपी युवक को थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने काबू किया है। पुलिस ने इंटेलीजेंस टीम के साथ मिल आरोपी को जमालपुर के पास पैदल आते समय गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 255 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
इस मामले में थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने गांव जंडियाली के रहने वाले संदीप कुमार उर्फ बिल्ला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार अदालत में पेश किया। वहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है। एसीपी साहनेवाल हरजिंदर सिंह ने बताया कि एएसआई हरजीत सिंह ने जमालपुर चौक के निकट नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान थाना फोकल प्वाइंट और इंटेलीजेंस की टीम को सूचना मिली कि आरोपी हेरोइन की खेप सप्लाई करने के लिए जा रहा है। आरोपी बिल्ला पैदल वहां से गुजर रहा था।
पुलिस को देख वापस मुड़ने लगा। पुलिस ने युवक को रोक कर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी जेब से हेरोइन बरामद हुई है। एसीपी ने बताया कि शुरूआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपी संदीप कुमार पहले न्यू सुभाष नगर रहता था। वह कपड़े का कारोबार करता था। का मंदा होने के कारण उसने पिछले तीन महीने से हेरोइन बेचने लगा। आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली की एक नाइजीरियन महिला से हेरोइन लेकर आता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी पुलिस रिमांड पर है। उससे पूछताछ की जा रही है कि वह लुधियाना में किस-किस को नशा सप्लाई करता था। पूछताछ में कई और तस्करों के नाम सामने आने की उम्मीद है।