लुधियाना। मकान के बंटवारे को लेकर पिता के साथ चल रहे झगड़े के बाद गुस्से में आए एक बेटे ने घर की छत पर डीजल डालकर आग लगा दी। आग लगाने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। आग लगने का पता चलने पर पीड़ित पिता ने पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया। उन्होंने इसकी जानकारी थाना दरेसी पुलिस को दी। पुलिस ने नानक नगर निवासी सुरिंदर सिंह की शिकायत पर उसके बेटे मनप्रीत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सुरिंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके दो बेटे और एक बेटी है। तीनों की शादी हो चुकी है। आरोपी मनप्रीत के साथ उनका घर के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। आरोपी रोजाना घर में बटवारे को लेकर क्लेश करता है। वह घर के क्लेश को टालते आ रहे है। सात जुलाई की दोपहर को आरोपी बाहर से डीजल की बोतल लाया और उसने सारी छत पर डीजल डालकर आग लगा दी। आग का धुआं देख इलाके में शोर मच गया। उसने पड़ोसियों को इकट्ठा किया तब तक आरोपी फरार हो चुका था। उसने पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया। पुलिस ने आरोपी को इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया।