लुधियाना। साथी कैदी की मौत के बाद कुछ दिन पहले जेल में हुए हुड़दंग की जांच अभी पूरी नही हुई कि शुक्रवार की देर रात को खाने को लेकर हवालाती दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों ने एक दूसरे पर डोल और गिलास से हमला किया। इसमें तीन हवालाती घायल हो गए। जेल मुलाजिमों ने घायलों को जेल के अस्पताल पहुंचाया। वहां से उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों की पहचान हवालाती संदीप, रवि और करण के रुप में हुई है। पुलिस मामला की जांच में जुटी है।
शुक्रवार की देर रात को सभी कैदी और हवालाती खाना खा रहे थे। इसी दौरान बीकेयू की बैरक नंबर छह में दो हवालाती गुटों में खाना खाने को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान हवालातियों ने एक दूसरे पर स्टील के डोल और गिलास से हमला करना शुरु कर दिया।
हुड़दंग देख कर जेल मुलाजिम मौके पर पहुंच गए। मुलाजिमों ने किसी तरह से उन्हें काबू किया और मारपीट में घायल हुए तीनों घायलों को इजेल के अस्पताल पहुंचाया। वहां से उन्हें सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। सिविल अस्पताल में उपचार के बाद तीनों को दोबारा जेल में भेज दिया गया। चौकी ताजपुर के इंचार्ज एएसआई सुदर्शन कुमार ने बताया कि तीनों घायल हवालातियों ने कार्रवाई करवाने से मना कर दिया। वह कार्रवाई न करवाने के बयान लेकर वापस आ गए।