हलवारा। गांव राजोआना कलां निवासी बलतेज सिंह (53) की सोमवार की देर रात अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी। मंगलवार की सुबह पड़ोसी उसके घर गया तो हत्या का खुलासा हो सका। सूचना मिलने पर थाना दाखा प्रभारी जगदीश कुमार और थाना सुधार प्रभारी अजैब सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव के लोगों ने पुलिस को बताया कि बलतेज सिंह की शादी नहीं हुई थी। उसके माता पिता की मौत हो चुकी है। भाई गुरचरण सिंह शिमला में रहता है। बलतेज सिंह घर में अकेला रहता था। उसके पड़ोस में रहने वाले रछपाल सिंह की पत्नी की भी मौत हो चुकी है। रछपाल सिंह ही बलतेज सिंह को सुबह शाम खाना बनाकर देता है। बलजेत सिंह के पास ढाई एकड़ जमीन है। उसने जमीन गांव हेरा निवासी सतनाम सिंह और गांव राजोआना कलां निवासी महिंदर सिंह को ठेके पर दे रखी है।
ग्रामीणों के मुताबिक अकेला होने के कारण बलजेत सिंह के घर पर शाम ढलते ही शराब को दौर शुरू हो जाता था। रविवार को सतनाम सिंह और महिंदर सिंह बलेजत सिंह के घर गए थे। उन्होंने जमीन ठेके के 7 हजार रुपये उसे दिए थे। सोमवार शाम को भी बलजेत सिंह के घर पर शराब का दौर चला। रात लगभग 8.30 बजे पड़ोसी रछपाल सिंह बलतेज सिंह को रोटी देकर आया था। उस समय तक सब कुछ ठीक था। मंगलवार की सुबह 6.30 बजे बलतेज सिंह की नाश्ता देने गया तो देखा कि बलतेज सिंह जमीन पर गिरा पड़ा है। उसका सिर फटा हुआ था और मौत हो चुकी थी। उसने घटना की सूचना सरपंच निर्मल सिंह को दी। सरपंच निर्मल सिंह ने घटना के संबंध में पुलिस को सूचित किया। सरपंच निर्मल सिंह का कहना है कि बलतेज सिंह शांत स्वभाव का व्यक्ति था। उसका गांव के किसी व्यक्ति के साथ कोई विवाद नहीं था। उसकी जेब से 45 सौ रुपये बरामद हुए है, घर का पूरा सामान भी सुरक्षित है। ऐसे में यह कहना मुश्किल है कि हत्या क्यों और किसने की। थाना सुधार प्रभारी अजैब सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस मृतक के भाई गुरचरण सिंह के आने का इंतजार कर रही है, शायद वह इस मामले में कुछ बता सके।