लुधियाना। समराला चौक के पास लगी छबील पीने के लिए रुके व्यक्ति का लुटेरे ने मोबाइल छीन लिया। शोर मचाने पर आरोपी भाग निकले। पीड़ित ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची थाना डिवीजन सात की पुलिस ने टिब्बा रोड मायापुरी स्थित न्यू पंजाबी बाग कालोनी निवासी राहुल कुमार की शिकायत पर जमालपुर स्थित बाबा श्रीचंद कालोनी निवासी पंकज वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
राहुल कुमार ने कहा कि मंगलवार को वह अपनी बाइक से किसी काम से गया था। जब वह वापस घर की तरफ जा रहा था तो रास्ते में समराला चौक के पास छबील लगी थी। वह छबील पीने के लिए स्टाल पर रुक गया। इसी दौरान उसे किसी का फोन आ गया। वह फोन पर किसी से बात कर रहा था तो अचानक से आरोपी पीछे से आया और उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर वरिंदर पाल ने बताया कि आरोपी को जांच के दौरान गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना हुआ मोबाइल बरामद कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया था। वहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि उसके साथ गिरोह में कितने लोग काम करते हैं और आरोपी के खिलाफ पहले कौन कौन से थानों में मामले दर्ज हैं।