लुधियाना। दसवीं कक्षा का सर्टिफिकेट लेने स्कूल गई छात्रा के साथ पुराने छात्र ने छेड़छाड़ की। छात्रा खुद को बचाते हुए भागी तो उसका तीसरी मंजिल से पैर फिसल गया। वह नीचे गिर कर घायल हो गई। उसे गंभीर हालत में एसपीएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पहले तो उसके परिवार वालों ने कोई कार्रवाई नहीं करवाई। वह यही सोच रहे थे कि पैर फिसलने से उसकी बेटी नीचे गिरी है। कुछ दिनों बाद जब छात्रा को होश आया तो उसने सारी घटना बताई। इसके बाद शिकायत पुलिस को दी गई। थाना मेहरबान की पुलिस ने छेड़छाड़ करने वाले आरोपी स्टूडेंट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने इसी साल 10वीं पास की है। 15 मई को वह अपनी मां के साथ स्कूल 10वीं का सर्टिफिकेट लेने गई थी। पहले वह स्कूल के प्रिंसिपल के पास गई। प्रिंसिपल ने उन्हें कहा कि अभी सर्टिफिकेट नहीं आया है। पीड़िता का कहना है कि इसके बाद वह अपनी मां को नीचे खड़ा कर दूसरी मंजिल पर क्लास में अपनी सहेलियों से मिलने के लिए चली गई। जब वह ऊपर जा रही थी तो सीढ़ियों पर आरोपी स्टूडेंट बैठा हुआ था। उसने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। वह खुद को बचाती हुई तीसरी मंजिल पर चली गई। आरोपी भी उसके पीछे-पीछे भागता हुआ आ गया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई।
एसएचओ जसदेव सिंह का कहना है कि घटना 15 मई की है। पहले पीड़िता की मां ने किसी भी कार्रवाई से मना कर दिया था। जब पीड़िता को हफ्ते बाद होश आया तो उसने बताया कि उक्त आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी। इस कारण वह खुद को बचाने के लिए तीसरी मंजिल पर गई और नीचे गिर गई थी। इसके बाद पीड़िता के भाई ने आकर बयान लिखवाया था। उसके बयान लिखवाने के बाद नाबालिग आरोपी पर मामला दर्ज किया गया है। अभी आरोपी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।