गोनियाना हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, तीन गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। गोनियाना मंडी के नजदीक गांव महमा सर्जा को जाने वाले रास्ते पर टैंट हाउस मालिक से लूटपाट करने के बाद उसकी हत्या करने के आरोप में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान रोशन सिंह फिरोजपुर, हरविंदर सिंह निवासी मोगा, अमनदीप सिंह निवासी बठिंडा के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपियों से लूटी हुई स्कूटी को भी आरोपियों की निशानदेही पर नहर से बरामद किया है।
शनिवार को प्रेसवार्ता में आईजी एमएफ फारूकी ने बताया कि 8 मई की शाम को गोनियाना मंडी के नजदीक गांव महमा सर्जा को जाने वाले रास्ते पर लुटेरों ने टेंट हाउस मालिक खुशविंदरपाल सिंह को लूट के इरादे से घेर लिया था। खुशविंदर लुटेरों के साथ भिड़ गया था और इसी दौरान एक हथियारबंद लुटेरे ने खुशविंदर सिंह के सीने पर सीधी गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई थी। आईजी ने बताया कि आरोपी हत्या व लूट के बाद फरार हो गए। इस वारदात को लेकर पुलिस ने थाना नेहियांवाला में हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।
आईजी ने बताया कि पिछले दिनों मोगा पुलिस ने इनोवा गाड़ी लूटने के आरोप में रोशन सिंह, हरविंदर सिंह और अमनदीप सिंह को गिरफ्तार किया था। जिन्होंने पूछताछ के दौरान गोनियाना हत्याकांड कबूला। आईजी ने बताया कि इस बारे में पता चलने पर बठिंडा पुलिस ने तीनों आरोपियों को शुक्रवार प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की तो आरोपियों ने माना कि जब टेंट हाउस मालिक उनके साथ हाथापाई कर रहा था तो उन्होंने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। मृतक की स्कूटी लूटने के बाद उन्होंने उसे नहर में फेंक दिया था। आईजी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नहर से स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर कार्रवाई शुरू कर दी है।