चोरों ने भगवान के घर को भी नहीं छोड़ा
मंदिर के ताले तोड़ चोरी, शिवलिंग पर लगा छत्र और नाग ले गए
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बेखौफ चोर गिरोह ने भगवान के घर को भी नहीं छोड़ा। चोर हंबड़ा रोड स्थित श्री दंडी स्वामी गौलक धाम के अंदर बने मंदिर में घुस गए और ताले तोड़ कर चांदी और गोलक से करीब 15 हजार की नकदी ले गए। घटना का पता उस समय चला जब ग्वाले नींद से जागे और मंदिर के ताले टूटे देख उन्होंने तुरंत पदाधिकारियों को फोन किया। थाना पीएयू की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
श्री दंडी स्वामी गौलक धाम के ट्रस्टी रमेश कुमार ने बताया कि डेयरी कंप्लेक्स के पास बनी गौशाला के अंदर मंदिर बनाया गया है। पवित्र शिवलिंग पर चांदी का छतर था और चांदी के नागदेवता विराजमान थे। शुक्रवार की मंदिर के द्वार बंद कर सभी चले गए। ग्वाले अंदर जाकर सो गए। पीछे से चोर गिरोह के सदस्यों ने मंदिर के ताले तोड़े और अंदर डेढ़ किलो वजन के छतर और नाग देवता के स्वरुप को चोरी कर लिया।
चोर गिरोह के सदस्यों ने गौलक के ताले तोड़ कर अंदर से करीब 15 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। जब दूध निकालने के लिए ग्वाले नींद से जागे तो मंदिर के द्वार खुले देखकर हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत पदाधिकारियों को फोन किया। पदाधिकारियों से सूचना मिलने पर थाना पीएयू की पुुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करनी शुरू कर दी है।