विवाहिता को नशीला पानी पिलाकर किया दुराचार
आरोपी ने लोन के कागजात देने के बहाने बुलाया था पीड़िता को
थाना डिविजन सात की पुलिस ने आरोपी पर दर्ज किया मामला
पुलिस ने कराया पीड़िता का मेडिकल, तलाश में छापामारी शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बैंक से लोन दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति ने विवाहिता को अपने पास बुला लिया। वह उसे एक घर में ले गया और पानी में नशीली गोलियां मिला कर उसे पिला दी। पानी पीने के बाद विवाहिता बेहोश हो गई तो आरोपी ने उसके साथ दुराचार किया। जब विवाहिता को होश आया तो आरोपी ने पीड़िता को धमकियां दी और भेज दिया। परिजनों ने इसकी शिकायत थाना डिवीजन सात की पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर 32 निवासी परमिंदर सिंह के खिलाफ दुराचार का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक कुछ दिन पहले वह शिवपुरी इलाके में स्थित एक बैंक में लोन का पता करने के लिए गई थी। वहां आरोपी के साथ उसकी मुलाकात हो गई। आरोपी ने उसे बैंक से लोन दिलाने का झांसा दिया और कुछ कागजात उसे लेकर समराला चौक के पास आने के लिए कहा। वह सारे कागजात लेकर समराला चौक के पास चली गई। वहां से आरोपी उसे एक्टिवा पर बैठा कर गुरु अर्जुन देव नगर इलाके में एक घर ले गया। वहां पर आरोपी ने उसे पानी पिलाया। पानी पीने के बाद वह बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुराचार किया। कुछ समय बाद उसे होश आया तो आरोपी ने उसे धमकियां दी कि वह इस बारे में किसी को कुछ न बताए। पीड़िता ने सारी जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने पुलिस को बताया। पुलिस पीड़ित की मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया में जुटी है। आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।