दुकानदार के पास पैसे लेने गया तो साथियों के साथ पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। फ्रिज व सैंडविच बनाने वाली मशीन बेचने के कुछ दिन बाद दुकानदार से पैसे लेने के लिए गए तिलक नगर निवासी गौरव व उसके भाई को मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया। दुकानदार ने अपने साथियों के साथ मिल कर दोनों को बुरी तरह से घायल किया। उसके बाद आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकियां दी और फरार हो गए। घायलों को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने के बाद थाना टिब्बा की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में गौरव की शिकायत पर सुभाष नगर निवासी हैरी, कमल कुमार, प्रेम विहार निवासी मनु चौहान, लाली और पवन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
गौरव के मुताबिक उसने सुभाष नगर इलाके में दुकान चलाने वाले हैरी को कुछ समय पहले फ्रिज और सैंडविच बनाने वाली मशीन बेची थी। वह उनसे पैसे लेने के लिए जाता था आरोपी उसे टाल मटोल करते थे। 21 जुलाई को वह अपने भाई सौरव के साथ हैरी की दुकान पर पैसे लेने गया तो आरोपी ने उससे गाली गलौच शुरू कर दी। जब कहासुनी हुई तो आरोपी हैरी ने अन्य साथियों को बुला कर उनके साथ मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया। आरोपियों ने उन्हें धमकियां दी और फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।