सिटी सेंटर मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त को
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। सिटी सेंटर मामले को दर्ज करने वाले पूर्व एसएसपी विजिलेंस लुधियाना कंवलजीत सिंह संधू द्वारा उनकी सुरक्षा करने के लिए स्थानीय अदालत में लगाई गई अर्जी में बुधवार को जिला अटार्नी रविंदर कुमार अबरौल पेश होंगे। सुबह जिला एवं सेशन जज गुरबीर सिंह ने अदालत में रविंदर अबरौल को उपरोक्त अर्जी की जानकारी दी। जिसके चलते वो इस मामले में पेश हो गए। अदालत ने सरकारी पक्ष की ओर से उपरोक्त अर्जी पर अपना जवाब दाखिल करने के लिए 26 जुलाई की तिथि निर्धारित की है। इस दिन सरकारी पक्ष द्वारा पूर्व एसएसपी संधू द्वारा लगाए गए आरोपों पर जवाब दाखिल कर सकता है। सिटी सेंटर मामले की अगली सुनवाई हालांकि 3 अगस्त को होनी है, जिसमें न्यायाधीश ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह सहित अन्य आरोपियों के पक्ष में दाखिल की गई कैंसलेशन रिपोर्ट पर बहस सुनी जाएगी। लेकिन इससे पहले ही पूर्व एसएसपी ने अदालत में उपरोक्त अर्जी दाखिल करके एक नई बहस को जन्म दे दिया है, जिसमें अब सियासी भी अपनी खिचड़ी पकाने में जुट गए है।
दूसरी ओर, संधू की अर्जी पर जहां लुधियाना के विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ने पूर्व एसएसपी का खुलकर समर्थन किया है, वहीं पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमरजीत सिंह टिक्का ने इसे एक सियासी साजिश करार देते हुए कहा कि इससे पूर्व भी अदालत में विधायक बैंस व सिटी सेंटर के गवाह सुनील कुमार डे ने कैंसलेशन रिपोर्ट को चुनौती दी थी, लेकिन अदालत ने खारिज कर दिया था। और अब राजनीतिक दांव चलते हुए उपरोक्त अर्जी अदालत में दाखिल करवाकर मामले को उछाल कर मीडिया में सुर्खियां बटोरने की कोशिश की जा रही है। टिक्का ने कहा कि सबसे हास्यास्पद बात है कि अदालत ने कैंसलेशन रिपोर्ट पर पूर्व एसएसपी को कोई नोटिस जारी ही नहीं किया है और इसे सीधे बहस पर रखा गया है।