बाइकसवार नकाबपोशों ने ऑफिस से कैश बैग लूटा
फैक्टरी के चौकीदार को लिया हथियार की नोंक पर लेकर की वारदात
बैग में 1 लाख, चेकबुक, दस्तावेज थे, आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। फोकल प्वाइंट फेस चार स्थित फैक्टरी के बाहर बैठे चौकीदार को सोमवार की सुबह तीन लुटेरों ने हथियार की नोक पर ले लिया। फिर ऑफिस के अंदर पड़ा कैश वाला बैग लूट कर फरार हो गए। बैग में एक लाख रुपए, चेकबुक और अन्य दस्तावेज थे। थाना मोती नगर की पुलिस ने फैक्टरी मालिक गुरचरण सिंह की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटनास्थल पर से कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी नजर आए है। लेकिन, उसमे कुछ साफ नजर नहीं आ रहा है।
माडल टाउन एक्सटेंशन के रहने वाले गुरचरण सिंह ने बताया कि फोकल प्वाइंट की फेस-4 में उसकी गुरचरण इंडस्ट्री के नाम से साइकिल पार्ट्स बनाने की फैक्टरी है। गुरचरण सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब 10 बजे वह इंडस्ट्री पहुंचा। उसने अपना काले रंग का बैग ऑफिस के अंदर रख दिया। इसके बाद वह अपनी कार साथ वाले प्लाट में पार्क करने के लिए चला गया। जैसे ही वह कार खड़ी कर वापस इंडस्ट्री की तरफ जाने लगा तो उसका चौकीदार राम नारायण भागता हुआ उसके पास आया।
गुरचरण का कहना है कि राम नारायण ने बताया कि एक बाइक पर तीन युवक आए थे, जिहोंने मुंह पर कपड़े बांधे थे, आते ही एक युवक ने उसकी गर्दन पर तेजधार हथियार रख दिया और एक युवक बाइक पर बैठा रहा। जबकि तीसरा युवक अंदर गया और ऑफिस में पड़ा काले रंग का बैठ ले आया। इसके बाद आरोपी उसे धक्का देकर बाइक पर बैठकर फरार हो गए। उधर, एएसआई चरणजीत सिंह का कहना है कि इंडस्ट्री से कुछ दूर लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली है। उसमें बाइक सवार भागते तो नजर आ रहे है। आरोपियों के मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। उनके चेहरे नजर नहीं आ रहे और न ही उनके बाइक का नंबर पता चल पा रहा है। इसके अलावा अन्य फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं।