कुत्ता घुमा रहे युवा फाइनांसर के सिर में मारी गोली, गंभीर
वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। डाबा इलाके में स्थित मैट दी चक्की के पास वीरवार को सुबह गली में कुत्ता घुमा रहे एक युवा फाइनांसर के सिर में युवक ने गोली मार दी। गोली कुछ ही दूरी से मारी गई जो सिर के पीछे वाले हिस्से में जा लगी। गोली मारने के बाद आरोपी पैदल ही भागा और कोई उसे पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। सूचना मिलते ही युवक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उसे तुरंत इलाज के लिए सतगुरु प्रताप सिंह अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी पहचान शरणपाल सिंह उर्फ शालू (28) के रूप में हुई है। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। आरोपी युवक की आसपास घूमने से लेकर गोली मारने और फरार होने तक की सारी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी और थाना डाबा की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने की फुटेज लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।
शरणपाल सिंह उर्फ शालू फाइनांस के काम के साथ साथ प्रापर्टी और कुत्तों की खरीद फरोख्त का काम करता था। वह रोजाना कुत्ता लेकर इलाके में घुमाने जाता था। वीरवार सुबह वह इलाके में कुत्ता लेकर घूमने निकला था। मैट दी चक्की के पास ही उसके आसपास मुंह पर रुमाल बांधे युवक जेब में हाथ डालता नजर आया। जब शालू गली में दाखिल हुआ तो आरोपी ने पीछे से पिस्तौल तान कर उस पर निशाना लगा दिया। गोली मारते ही आरोपी वहां से फरार हो गया। गोली लगते ही शालू नीचे गिर पड़ा। इलाके के युवकों ने शालू के घर जाकर सूचना दी। जिसके बाद शालू को इलाज के लिए एसपीएस अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं युवक ने गोली मारने के बाद कुछ दूरी पर रुमाल उतार दिया। उसकी बिना रुमाल बांधे भी फोटो सीसीटीवी में कैद हो गई।
बेटे को गोली लगने की सूचना मिलते ही भागी मार गिरकर हुई घायल
शालू को गोली लगते ही इलाके के युवक उसके घर पहुंचे और बताया कि शालू नीचे गिरा पड़ा है और वह गंभीर रूप से घायल है। बेटे के गिरने और घायल होने की सूचना मिलते ही शालू की मां जैसे घर बैठी थी वैसे ही उसकी ओर दौड़ी। इसी दौरान वह हड़बड़ाहट में नीचे गिर गई और बाजू में काफी चोट आने के कारण घायल हो गई। मगर हिम्मत नहीं हारी और घटनास्थल पर पहुंच कर बेटे को लोगों के साथ अस्पताल पहुंचाया। शालू की मां ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। वह सिर्फ इंसाफ चाहते हैं।
रंजिश का लग रहा है मामला : एडीसीपी
एडीसीपी क्राइम रतन सिंह बराड़ ने बताया कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि मामला रंजिश का लग रहा है। जिस हिसाब से युवक शालू के आसपास घूमता रहा है और फिर गोली मारकर फरार हुआ है, उससे लगता है कि उसकी कोई रंजिश थी। आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गया है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल में उपचाराधीन शालू की हालत गंभीर बनी है। डाक्टरों की टीम उसके इलाज में जुटी है।