लाइसेंस रिन्यू कराए बगैर ही लेकर घूम रहा था हथियार
पुलिस ने सिंगल बैरल गन बरामद कर किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
हथियार के लाइसेंस को रिन्यू कराए बगैर ही पिछले चार साल से हथियार रखने के आरोप में थाना साहनेवाल की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को टैंपो यूनियन के पास गश्त के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में चंडीगढ़ रोड के जीवन नगर स्थित गुरु बाग कालोनी के रहने वाले घनश्याम दास के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार अदालत में पेश कियास जहां से उसे जेल भेज दिया।
जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल सुरिंदर कुमार ने बताया कि पुलिस पार्टी साहनेवाल के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान जब पुलिस पार्टी टेंपो यूनियन के पास पहुंचा तो आरोपी ने सिंगल बैरल गन लेकर जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को काबू कर उससे लाइसेंस की मांग की। इस पर पता चला कि आरोपी के पास हथियार लाइसेंसी था, लेकिन पिछले चार साल से आरोपी ने लाइसेंस रिन्यू ही नहीं कराया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी की किसी व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी। इस पर वह अपने साथ हथियार लेकर घूमता था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।