सहकारी सभा के प्रधान ने जान दी
मिल्कफैड लुधियाना के डायरेक्टर के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
हलवारा (लुधियाना)। सहकारी सभा के सचिव और मिल्कफैड लुधियाना के डायरेक्टर से परेशान होकर गांव भैणी बड़िंगा में वेरका दूध की सहकारी सभा के प्रधान राम सिंह की तरफ से जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही थाना रायकोट की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक राम सिंह के बेटे के बयान पर मिल्कफैड लुधियाना के डायरेक्टर के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
मृतक राम सिंह के बेटे हरजोत सिंह ने बताया कि उसके पिता राम सिंह गांव भैणी बड़िंगा की वेरका दूध डेयरी के प्रधान है और सोसायटी के सचिव कुलविंदर सिंह और डायरेक्टर जगतार सिंह दोनों ने मिल कर सभा के पैसों में घपला कर लिया था। अब यह दोनों मिल कर उसके पिता राम सिंह को सभा के पैसे पूरे करने के लिए कहते थे। पैसे पूरे न करने की सूरत में जमीन जब्त करने की धमकी देते थे।
इससे तंग आकर उसके पिता नेज हरीला पदार्थ निगल लिया। हालत गंभीर होने पर उसके परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। वहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर कार्रवाई करते हुए कुलविंदर सिंह और डायरेक्टर जगतार सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापामारी कर रही है।