थाना डिवीजन सात की पुलिस लेगी प्रोडक्शन वारंट पर
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। विभिन्न आपराधिक मामलों में काफी समय से जेल में बंद दो हवालातियों से जेल प्रशासन ने मोबाइल बरामद किए हैं। जेल प्रशासन ने इसकी शिकायत थाना डिविजन सात की पुलिस को दी। पुलिस ने जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट मेवा सिंह की शिकायत पर सलेम टाबरी के अमर नगर निवासी गौरव कुमार और रोज गार्डन के पीछे स्थित न्यू प्रेम नगर निवासी सागर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेने की तैयारी में जुटी हुई है।
जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट मेवा सिंह की ओर से पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक दो दिन पहले वह दिन की ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान मुलाजिमों के साथ रूटीन चेकिंग के लिए चले गए। जब बैरक नंबर पांच में बंद आरोपियों के सामान की चेकिंग की गई तो दोनों के कब्जे से एक-एक मोबाइल मिला। पुलिस ने दोनों से फोन के बारे में पूछताछ की तो आरोपियों ने कोई जवाब नहीं दिया। बार-बार पूछे जाने पर जब जेल प्रशासन मुलाजिमों को जवाब नहीं मिला तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस के पास की। जांच अधिकारी कांस्टेबल परमजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेने की कार्रवाई शुरू कर दी है। एक या दो दिन में उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया जाएगा।