50 ग्राम हेरोइन समेत महिला गिरफ्तार
आरोपी का पति के दिव्यांग, बेटा नशा तस्करी के आरोप में जेल में बंद
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
पति के दिव्यांग और बेटे के नशा तस्करी के आरोप में जेल के अंदर बंद होने के कारण महिला के पास घर चलाने के लिए पैसे नहीं थे। इस पर उसने नशा तस्करी शुरू कर दी। वह माछीवाड़ा इलाके से हेरोइन मंगवा कर आगे सप्लाई करती थी। आरोपी महिला को एंटी नारकोटिक्स सेल ने उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह मुंडियां इलाके में किसी को हेरोइन की सप्लाई देने के लिए जा रही थी।
पुलिस ने आरोपी महिला को चंडीगढ़ रोड स्थित वीर पैलेस के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पचास ग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस ने इस मामले में गुरु तेग बहादुर नगर की रहने वाली सुमन तलवाड़ के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने महिला को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। एंटी नारकोटिक्स सेल ने वीर पैलेस के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को किसी ने सूचना दी कि आरोपी महिला हेरोइन की सप्लाई देने के लिए जा रही है। पुलिस को देख कर आरोपी महिला पीछे मुड़ गई। इस पर पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हेरोइन बरामद की। पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसके पति बचपन से ही दिव्यांग है। इसके चलते वह कोई काम धंधा नहीं कर पाते। इससे घर का खर्च चलाना मुश्किल था और वह कर्जदार हो गए थे। पुलिस के अनुसार महिला का बेटा भी नशा तस्करी के आरोप में जेल में बंद है। उसके जेल जाने के बाद ही उसने हेरोइन तस्करी शुरू कर दी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हेरोइन सप्लाई करने वाले का पता लगाने में जुटी है।