मामूली कहासुनी के बाद घर में घुस कर पीटा
पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। रास्ते में दो बाइक के बीच टक्कर में कुछ युवकों ने अपनी भांजी के साथ जा रहे युवक को पीटा। युवक किसी तरह से अपनी भांजी को लेकर वहां से निकला और घर पहुंच गया। आरोपी युवक भी उसका पीछा करते घर में घुस गए। दो युवक व उसकी भांजी को मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी फरार हो गए।
सूचना पर थाना डिवीजन छह की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद मैड की चक्की के पास स्थित गुरु अंगद देव कालोनी निवासी मंजीत सिंह की शिकायत पर सिमरनजीत सिंह, अवतार सिंह, सन्नी, कीर्ति और आशु के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मंजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार को वह अपनी भांजी के साथ बाइक पर जा रहे थे। रास्ते में घर के पास ही सिमरनजीत सिंह के बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दोनों के बीच काफी कहासुनी हुई। आरोपी ने मारपीट करनी शुरू कर दी। वह अपनी भांजी को लेकर वहां से किसी तरह से निकला और घर में घुस गया। आरोपी सिमरन ने अन्य आरोपियों को वहां बुलाया और घर में घुस मंजीत और उसकी भांजी को बुरी तरह से पीटकर घायल कर दिया। पीड़ितों का शोर सुन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और आरोपी धमकियां देते हुए फरार हो गए। जांच अधिकारी एएसआई सुलखन सिंह ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उनकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।