सात हजार रुपये और मोबाइल लूटा, दस दिन बाद केस दर्ज
बाइक सवारों ने कार को मारी टक्कर, चालक आया बाहर तो लूटकर हुए थे फरार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। धार्मिक समागम में माथा टेक कर घर जा रहे कार सवार एक व्यक्ति को बाइक सवार तीन युवकों ने टक्कर मार दी। जब कार चालक बाहर निकला तो आरोपियों ने उसकी मारपीट की और उसके पास रखी सात हजार रुपये की नकदी और उसका मोबाइल फोन लूट ले गए। जब तक कार चालक कुछ कर पाता आरोपी फरार हो चुके थे। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने के बाद थाना डुगरी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। दस दिन तक थाने के चक्कर कटवाने के बाद पुलिस ने कार चालक हरमिंदर सिंह की शिकायत पर तीन बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पंजाब माता नगर के रहने वाले हरमिंदर सिंह ने बताया कि वह 1 अगस्त को गांव जव्वदी टकसाल से समागम सुनने गए थे। वहां से रात करीब 9.30 बजे फ्री हुआ था, उसके बाद वह अपनी कार इक्को स्पोर्ट पर वापिस घर जा रहा था। जब वह इलाके में स्थित गैस एजेंसी के पास पहुंचा तो सामने आ रहे बाइक सवार तीन युवकों ने बाइक उसकी कार में मारा। वह देखने के लिए बाहर आया। तब एक युवक ने तेजधार हथियार निकाल कर उसके सिर पर वार कर दिया। वह कुछ सोच पाता इससे पहले आरोपियों ने उसकी जेब से 7 हजार रुपए और मोबाइल निकाल लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। जांच अधिकारी एएसआई जगतार सिंह का कहना है कि जहां वारदात हुई, वहां आसपास इलाके में सीसीटीवी कैमरे चैक किए जा रहे है। अभी तक कुछ पता नहीं चला है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।