बेटी से छेड़छाड़ करने से रोका तो पिता से मारपीट
थाना पीएयू की पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ किया मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश कर भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। पीएयू में रहने वाली एक युवती के साथ युवक ने छेड़छाड़ की। जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे पकड़ लिया। युवती का शोर सुनकर उसके पिता भी वहां पहुंचे। जब उन्होंने युवक को रोका तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की और उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। पीड़ित ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने के बाद थाना पीएयू की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अंकित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, आरोपी पिछले दो महीने से उसका पीछा कर रहा है। कई बार आरोपी ने रास्ते में रोककर उसके साथ बात करने की कोशिश की, लेकिन उसने मना कर दिया। सोमवार दोपहर को वह घर के बाहर एक्टिवा में सामान रख रही थी। इस दौरान आरोपी अंकित वहां आ गया और बात करने को कहने लगा, मगर युवती ने बात नहीं की। इसके बाद आरोपी ने उसे पीछे से पकड़ लिया। तब उसने शोर मचाया। शोर सुन कर उसके पिता बाहर आए। उन्होंने पीड़िता को छुड़वाने की कोशिश की तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया। जांच अधिकारी एएसआई जगतार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश कर ज्यूडिशियल रिमांड पर भेजा गया है।