घर के ताले तोड़ नकदी और गहने चोरी
घर मालिक काम के सिलसिले में रहता है सिंगापुर, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। महानगर के पाश इलाके सराभा नगर में चोरों ने बंद घर पर धावा बोल दिया। चोरों घर के ताले तोड़कर सोने के जेवर, फोन और छह हजार अमेरिकी डालर चोरी कर फरार हो गए। घटना का पता उस समय चला जब घर मालिक के पिता घर में देखभाल के लिए पहुंचे। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना के बाद थाना सराभा नगर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने थरीके रोड स्थित ओशो गार्डन के रहने वाले हरबंस सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हरबंस सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा काम के सिलसिले में कुछ दिनों से सिंगापुर में रह रहा है। घर को ताला लगा था। वह सप्ताह में दो बार घर की देखभाल के लिए जाता था। तीन दिन पहले चोर गिरोह के लोगों ने घर में दीवार फांदकर अंदर ताले तोड़कर सामान चोरी कर लिया। चोर घर से सोने के जेवरात, एप्पल आईपैड, छह हजार अमेरिकी डालर लेकर फरार हो गए। 28 मार्च को वह जब घर सफाई करवाने के लिए गया तो अंदर सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। उसने सामान देखा तो सारा सामान गायब था। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। जांच अधिकारी एएसआई मूल राज ने बताया कि आसपास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की गई थी। अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।