देसी पिस्तौल, कारतूस समेत दो बदमाश काबू
लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए लखनऊ से तीन हजार में लाए थे
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। लूट की वारदातों को अंजाम देने के लिए उत्तरप्रदेश के लखनऊ से तीन हजार का पिस्तौल खरीद कर लाने वाले दो बदमाशो को सीआईए वन की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हैबोवाल के संगम पैलेस चौक के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तारआरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देसी पिस्तौल और दो कारतूस और लूट के चार मोबाइल फोन भी बरामद किए है।
थाना हैबोवाल में मोहल्ला न्यू प्रताप नगर निवासी कन्नू अरोड़ा उर्फ कन्नू और मोहल्ला न्यू केहर सिंह नगर निवासी प्रीतम सैणी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है। जांच अधिकारी एएसआई रामपाल ने बताया कि पुलिस टीम ने हैबोवाल संगम पैलेस के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी वहां से गुजर रहे थे। पुलिस पार्टी को देख पीछे मुड़ गए। पुलिस ने आरोपियों का पीछा कर उन्हें काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान उपिस्तौल बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते है। आरोपी नशे के लिए राहगीरों से लूटपाट और बंद घरों को निशाना बना चोरी की वारदातें करते है। आरोपी किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। इसके लिए आरोपी उत्तरप्रदेश के लखनऊ से तीन हजार रुपये में कुछ दिन पहले देसी पिस्तौल लाए थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई थानों में लूटपाट और चोरी के मामले दर्ज है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।