सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह के एक सदस्य ने समराला चौक के पास गली में एक बुजुर्ग महिला से पर्स छीन लिया। महिला के चिल्लाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन सात की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच के दौरान एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज बरामद की है। इसमें सारी वारदात कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ताजपुर रोड स्थित विश्वकर्मा नगर की रहने वाली तारावंती (90) के पोते ललित कुमार ने बताया कि उनके दादा मिल्ट्री में थे। उनकी मौत के बाद उनकी दादी को पेंशन मिलती है। वह हर बार की तरह पंजाब नेशनल बैंक से पेंशन लेने के लिए गई थी। पेंशन लेकर वह वापस आ रही थीं तो समराला चौक के पास गली से गुजरते समय एक युवक ने उनके हाथ से पर्स छीन लिया और फरार हो गया। जब तक तारावंती कुछ कर पाती आरोपी फरार हो गया था। ललित के अनुसार तारावंती के पर्स में दस हजार रुपये की नकदी और अन्य सामान था। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन आरोपी फरार हो गया था। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने फुटेज को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।