प्राइवेट स्कूल की महिला टीचर को गांव के रहने वाले युवक ने फ्रेंडशिप के लिए ऑफर किया, युवती ने मना कर दिया। युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। वह युवती का पीछा करने लगा। जब युवती ने दोस्ती करने से मना किया तो आरोपी युवक ने युवती को किडनैप कर उसपर तेजाब फेंकने की धमकियां तक दे दी। घटना पंजाब के लुधियाना के जगरांव की है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी पर थाना हठूर में मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान जोधा सिंह उर्फ ग्रिड निवासी गांव नत्थोवाल के रूप में हुई है।
थाना हठूर के एएसआई बलजिंदर सिंह ने बताया कि मुस्लिम परिवार से संबंध रखने वाली पीड़ित लड़की ने पुलिस को दी कार्रवाई शिकायत में बताया कि वह गांव झोरड़ा में प्राइवेट स्कूल में टीचर है। आरोपी दो साल से लगातार उसे परेशान कर रहा है। वह उसके साथ जबरदस्ती फ्रेंडशिप करने के साथ साथ उसके परिवार को तंग परेशान करता है।
5 सितंबर 2022 को आरोपी ने उसे जगरांव में घेर कर उसके हाथ से टिफिन और पर्स छीनकर धमकियां दी कि अगर उसके साथ फ्रेंडशिप नहीं की तो वह उसके साथ साथ उसके परिवार को मार देगा। इसको लेकर जब मामला पंचायत में गया तो पंचायत ने उनका फैसला करवा दिया। आरोपी फिर भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और युवती को लगातार परेशान करता रहा।
आरोपी ने 28 अक्तूबर 2024 से लेकर 13 नंवबर तक उसके पिता को फोन मैसेज व फोन कॉल कर डराया। जब उसने आरोपी को जवाब दिया तो आरोपी गाली गलौज व धमकियां देने लगा। पीड़िता ने बताया कि वह कहीं भी जाती है तो आरोपी पीछा कर उसे किडनैप करने और तेजाब फेंकने की धमकियां देता। आरोपी ने एक दिसंबर 2024 को उसके पिता के मोबाइल पर फोन किया। फोन को युवती ने उठाया तो आरोपी उसके साथ गाली गलौज करने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसके भाई को धमकियां देनी शुरू कर दी और उसके परिवार समेत उसके कैरेक्टर को लेकर अंगुली उठानी शुरू कर दी। आरोपी रात को शराब के नशे में युवती के घर के बाहर आकर हल्ला करता है।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी के कारण उसकी व उसके परिवार की जिंदगी नर्क बनी हुई है। अगर उसे व उसके परिवार को कुछ होता है या फिर उनका किसी तरह का कोई नुकसान होता है तो इसके लिए आरोपी जिम्मेदार होगा। जांच अधिकारी ने बताया कि फिलहाल आरोपी फरार चल रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।