धार्मिक नेता को निशाना बनाने की कोशिश का मामला, संगरूर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए जाएंगे आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। धार्मिक नेता को निशाना बनाने की कोशिश के मामले में काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने दिल्ली से शुक्रवार को एक और युवक को दो हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान जसमीत के रूप में हुई है। यह गिरफ्तारी आठ हथियारों के साथ पकड़े गए तीन आरोपियों से हुई पूछताछ के बाद की गई है। जिन तीन आरोपियों को पुलिस ने चाेरी की कार के साथ पकड़ा था, उनमें राजभूपिंदर सिंह निवासी गांव डिक्ख जिला बठिंडा, रमन कुमार निवासी गुरुहरसहाए, जगजीत सिंह निवासी गांव ढिल्लवां खुर्द जिला फरीदकोट शामिल हैं। जसमीत को शनिवार को बठिंडा लाकर अदालत में पेश किया गया। जहां पर अदालत ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। मामले में अब तक कुल चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं संगरूर जेल से भी तीन अन्य को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयार चल रही है।
बता दें कि मंगलवार को काउंटर इंटेलिजेंस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजभूपिंदर सिंह, रमन कुमार और जगजीत सिंह एक चोरी की आल्टो कार में गोबिंदपुरा होते हुए बठिंडा आ रहे हैं। टीम ने गांव गोबिंदरपुरा नहर की पटरी के पास नाकाबंदी की तो दूसरी तरफ से आ रही सफेद रंग की ऑल्टो कार को रोककर चेकिंग की गई। कार सवार तीनों आरोपियों से करीब आठ हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि वह संगरूर जेल में बंद कुलविंदर सिंह, हरचरन सिंह, सुलतान सिंह से संपर्क में थे। जेल में इन्हीं से टारगेट मिलने के बाद उन्होंने अमृतसर में किसी धार्मिक नेता की हत्या करनी थी।
हथियार किसने पहुंचाए, चल रही जांच
जसमीत से पहले पकडे़ गए तीनों आरोपी पांच दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं। अब तक मामले में 10 हथियार बरामद हो चुके हैं, जो मध्य प्रदेश से खरीदे गए हैं। सूत्रों ने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस की टीम जांच कर पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों तक किसके जरिये हथियार पहुंचे थे। वहीं संगरूर जेल से संपर्क में रहने वाले तीन आरोपियों को भी पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है।