फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लावारिस कुत्तों के साथ कांग्रेसियों का हंगामा

Thu, 11 Feb 2016 10:09 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/लुधियाना
विज्ञापन
विज्ञापन
लुधियानवियों को लावारिस कुत्तों के आतंक से बचाने के लिए कांग्रेसियों ने वीरवार को अनोखे ढंग से प्रदर्शन किया। कांग्रेसी शहर के विभिन्न इलाकों से आवारा कुत्तों को दो मिनी ट्रकों और एक एंबुलेंस में लाए और निगम दफ्तर के बाहर और अंदर छोड़ दिया।
विज्ञापन


दो घंटे तक लावारिस कुत्तों के साथ निगम के जोन डी दफ्तर के सामने कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस प्रदर्शन का नेतृत्व सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, विधायक भारत भूषण आशू और जिला प्रधान गुरप्रीत सिंह गोगी ने किया।

जोनल कमिश्नर पीएस घुम्मण के दफ्तर में जाकर कांग्रेसियों ने उनको भी सांकेतिक तौर पर एक कुत्ता थमाया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस का पुख्ता इंतजाम किया गया था। कांग्रेसियों की पुलिस के साथ निगम दफ्तर के अंदर जाने को लेकर बहस भी हुई। धक्कामुक्की में निगम दफ्तर के मुख्य द्वार का शीशा भी टूट गया।
विज्ञापन


वीरवार सुबह कांग्रेसी जोन डी दफ्तर के बाहर जुटना शुरू हो गए। पहले उन्होंने निगम दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया और फिर मुख्यद्वार के सामने बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सूचना पाकर मौके पर जोनल कमिश्नर पीएस घुम्मण आए और उन्होंने कांग्रेसियों को मेयर और आयुक्त की तरफ से भरोसा दिलाया, लेकिन लावारिस कुत्ते को हाथ लगाने से इंकार कर दिया और चले गए।

इस पर कांग्रेसी भड़क गए और निगम दफ्तर के अंदर घुसने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने उन्हें रोका तो इस धक्कामुक्की में मुख्यद्वार का शीशा भी टूट गया। इसके बाद कांग्रेसी निगम दफ्तर के अंदर धरने पर बैठ गए। फिर बिट्टू के नेतृत्व में कुछ कांग्रेसी ऊपर गए और जोनल कमिश्नर को सांकेतिक तौर पर कुत्ता थमाकर ही धरना वापस लिया।

जोनल कमिश्नर घुम्मण ने कहा कि शहर में कुत्तों की नसबंदी का काम चल रहा था। कुल 25 हजार में से अब सिर्फ 11 हजार की नसबंदी करनी है। रोजाना बीस से पच्चीस कुत्तों की नसबंदी की जा रही है। लावारिस कुत्तों की समस्या पर शीघ्र ही काबू पा लिया जाएगा। घुम्मण ने कहा कि इस मामले पर निगम सदन में भी विस्तार से चर्चा की जा सकती है।

इसके हल के बिना शहर नहीं बन सकता स्मार्ट : बिट्टू
सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि केंद्र से लावारिस कुत्तों की नसबंदी की करोड़ों रुपये की ग्रांट आने के बावजूद प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा है। लावारिस कुत्ते बच्चों और बुजुर्गों समेत सभी को नोच रहे हैं। बिट्टू ने चेतावनी दी कि यदि इसका ठोस हल न निकाला गया तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लावारिस कुत्तों के साथ शहर को स्मार्ट बनाना संभव नहीं है।      

पुलिस ने सील कर रखा था दफ्तर, फिर भी घुसे कांग्रेसी
कांग्रेसियों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने जोन डी का दफ्तर पूरी तरह से सील कर रखा था, बावजूद इसके कांग्रेसी पुलिस की सारी सुरक्षा पार कर निगम दफ्तर परिसर में कुत्तों के साथ घुस ही गए।

लावारिस कुत्ते पकड़ने में लगी रहीं कांग्रेसियों की टीमें
विधायक भारत भूषण आशू ने कहा कि शहर के कई इलाकों में कांग्रेसियों की विभिन्न टीमों ने लावारिस कुत्तों को पकड़ा। उन्होंने कहा कि करीब पचास कुत्तों के साथ निगम दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया गया, ताकि अधिकारियों को इस समस्याओं से अवगत कराया जा सके और इसका स्थायी हल तलाश किया जा सके।

गोगी की एंबुलेंस में भरे गए कुत्ते
कांग्रेस के जिला प्रधान गुरप्रीत सिंह गोगी जरूरतमंद लोगों की सहायता और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए निष्काम सेवा के तहत एंबुलेंस सेवा मुहैया कराते हैं। वीरवार को उनकी नीली बत्ती लगी एंबुलेंस में भी कुत्ते भरकर निगम के जोन डी दफ्तर तक लाए गए। कुत्तों ने एंबुलेंस को बुरी तरह से गंदा कर दिया था।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें