पंजाब के रोपड़ शहर के सदाबरत मोहल्ला के नजदीक झगड़े में कांग्रेस पार्षद के देवर का कत्ल कर दिया गया जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार शहर के वार्ड नंबर एक से महिला कांग्रेस पार्षद नीलम और अकाली दल के समर्थक भोला सिंह के परिवार के बीच राजनीतिक रंजिश में कई बार झगड़ा हो चुका है।
नगर परिषद चुनाव में भी दोनों पक्षों में पथराव हुआ था। इसमें कई लोग घायल हुए थे। मंगलवार को भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ। इस झगड़े में कांग्रेस पार्षद नीलम के देवर पुनीत पुत्र जनक सिंह की मौत हो गई जबकि अशोक सिंह, सन्नी सिंह, हैपी और राजा घायल हैं। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग सरकारी अस्पताल पहुंचे। यहां भी दोनों पक्षों की महिलाओं में हाथापाई हो गई। उधर, नगर परिषद के प्रधान संजय वर्मा एवं कांग्रेस पार्षद अमरजीत सिंह जोली ने कहा कि अस्पताल की इमरजेंसी में पुनीत का समय रहते इलाज नहीं किया गया। यही वजह है कि उसकी मौत हो गई।
जौली ने कहा कि इमरजेंसी में आने वाले ज्यादातर मरीजों को पीजीआई चंडीगढ़ ही रेफर किया जाता है और यहां पर इलाज नहीं मिलता है। उधर, डॉक्टर कुलजीत सिंह ने कहा कि इमरजेंसी में 500 लोग पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा इस भीड़ ने एक-दूसरे पर हमला किया। महिलाओं के हाथ में तेजधार वस्तुएं थीं। कई लोगों को चोट आई है जबकि मैंने बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई। डीएसपी त्रिलोचन सिंह ने कहा कि इस मामले में सात लोगों के खिलाफ कत्ल की मामला दर्ज कर लिया है और दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।