अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। महानगर के बीच से गुजरने वाले बुड्ढा दरिया में फैले प्रदूषण को लेकर रविवार हास्य कलाकार टीटू बनिया ने केक काट कर जन्मदिन मनाया। वह कुछ बच्चों और अपने साथियों के साथ बुड्ढा दरिया पर पहुंचे, यहां पर लगे नींव पत्थरों के पास केक काटकर सरकार पर कटाक्ष किया गया कि आखिरकार कब तक वह बुड्ढा दरिया को साफ करेंगे। टीटू बनिया ने कहा कि सरकार कछुआ चाल की जगह खरगोश की तरह तेजी से काम करें, 650 करोड़ का प्रोजेक्ट पास हो चुका है, अब तेजी से काम क्यों शुरू नहीं हो रहा है।
टीटू बनिया ने कहा कि सिर्फ बुड्ढा दरिया के किनारे काले पत्थर लगाकर इसे साफ नहीं किया जा सकता है। रवनीत बिट्टू ने सांसद बनने से पहले कहा था कि वह तीन साल के अंदर इसे प्रदूषण मुक्त करवा देंगे। तीन साल बीत जाने के बाद वह सिर्फ हाल ही में रखे गए नींव पत्थर पर अपना नाम ही लिखवा सके है। कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार ने दावा किया है कि आने वाले दो साल के अंदर वह 650 करोड़ रुपये खर्च कर दरिया साफ करवाएंगे।
सवाल यही है कि एक साल विधानसभा के चुनाव होंगे, ऐसे में क्या उनकी सरकार दोबारा सत्ता में आएगी, इसलिए सफाई के काम को छह माह के अंदर पूरा किया जाए। वहीं टीटू बनिया ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि इसे दूषित करने में आम लोगों का सबसे बड़ा हाथ है, फैक्टरी मालिक दूषित पानी डाल रहे है, आम लोग कचरे से लेकर गोबर तक फेंक रहे है। ऐसे लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज होना चाहिए। क्योंकि हम सभी प्राकृतिक के साथ खिलवाड़ कर रहे है, जिन दिन प्रकृति ने हमारे से साथ खिलवाड़ कर दिया, उस दिन किसी को संभलने का मौका नहीं मिलेगा।