पंजाब के खेल विभाग में नए 168 कोच भर्ती कर दिए गए हैं। मंगलवार को चंडीगढ़ में सभी कोच को बुलाकर अपाइंटमेंट लैटर दिए गए हैं। मार्च में डायरेक्टर स्पोर्ट्स राहुल गुप्ता ने मल्टीपर्पस में आयोजित समारोह के दौरान पंजाब में 225 नए कोच भर्ती करने की घोषणा की थी।
168 नए कोच में से लुधियाना को करीब 15 कोच मिले हैं। इसमें से हॉकी के तीन कोच, साइकिलिंग के दो, वेटलिफ्टिंग के दो और एथलेटिक के दो कोच भर्ती किए गए हैं।
डायरेक्टर स्पोर्ट्स राहुल गुप्ता ने कहा कि सिलेक्शन कमेटी को 225 कोच भर्ती करने के लिए लैटर भेजा गया था। 168 कोच को चुना गया है। मेडिकल होने के बाद कोच जल्द ज्वाइनिंग कर खिलाड़ियों को कोचिंग देना शुरू कर देंगे। सूत्रों के मुताबिक इन कोचों को अपनी मर्जी के मुताबिक कोचिंग सेंटर चुनने का अधिकार दिया गया है।
बता दें कि पंजाब पुलिस की ओर से खेल विभाग में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे कोचों को वापस बुलवा लिया गया था। जिला खेल अधिकारी सतपाल सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रेक्टिस में परेशानी हुई लेकिन विभाग ने सीनियर खिलाड़ियों को अपने जूनियर्स को ट्रेनिंग देने के लिए कहा। अब डायरेक्टर स्पोर्ट्स ने खेल विभाग में नियुक्तियों को पूरा किया है, जिससे खिलाड़ियों को दिक्कत नहीं आएगी।
डायरेक्टर स्पोर्ट्स राहुल गुप्ता ने बताया कि कोच की भर्ती कर देना ही विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। भर्ती के बाद कोच की ओर से खिलाड़ियों को दी जाने वाली ट्रेनिंग के आधार पर परफार्मेंस भी देखी जाएगी। 3 या 6 महीने बाद परफार्मेंस चेक की जाएगी। कोच की भर्ती के लिए एसोसिएशनों से भी संपर्क किया गया है ताकि जरूरत के मुताबिक कोचों को लगाया जा सके।
लुधियाना हॉकी एसोसिएशन के खजांची जगबीर सिंह ग्रेवाल ने बताया कि काफी लंबे समय से विभाग में कोच की भर्ती नहीं की गई थी। विभाग की ओर से इतनी बड़ी संख्या में कोच की भर्ती करना प्रशंसनीय है। इससे खिलाड़ियों की परफार्मेंस भी सुधरेगी।