प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर रैली में सीएम चरणजीत चन्नी ने हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था। उन्होंने इसकी वजह बताई थी कि वे मुख्यमंत्री कार्यालय के दो कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित होने के कारण पीएम की रैली में हिस्सा नहीं लेंगे। हालांकि गुरुवार को सीएम चन्नी लुधियाना के माछीवाड़ा में जनसभा करने पहुंचे। कोरोना की दुहाई देने वाले सीएम चन्नी इस दौरान बिना मास्क के दिखे।
सीएम की जनसभा में चार हजार लोगों को बुलाया गया था। हैरानीजनक बात है कि इन चार हजार लोगों में महज चंद लोगों ने मास्क पहना था और सुरक्षित शारीरिक दूरी जैसा नियम तो दिखाई तक नहीं दिया। सीएम के साथ स्टेज पर ही कुल 18 लोग थे, जिनमें से महज छह लोगों ने ही मास्क लगा रखा था। उनके साथ मंत्री गुरकीरत कोटली ने भी मास्क नहीं पहना था। जब सीएम ने लोगों को संबोधित करना शुरू किया तो उस समय उनके साथ सट कर 14 लोग खड़े थे। इसमें चार लोगों ने मास्क पहन रखा था। वहीं सीएम ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि यहां सभी लोग सट कर खड़े हैं, इन्हें तो कोरोना से भी डर नहीं लगता है क्योंकि यह मुझे प्यार करते है। जनसभा को संबोधित करने के बाद सीएम मीडिया से बात किए बिना निकल गए।
जब इस मामले में मंत्री गुरकीरत कोटली से सवाल किया गया तो उनका कहना था कि ओमिक्रॉन से बच्चों को ज्यादा खतरा है, इसलिए सरकार ने स्कूलों को बंद किया है। बड़े लोगों को इससे ज्यादा खतरा नहीं है।
सीएम ने कहा था कि कोरोना के चलते वह पीएम का स्वागत के लिए नहीं जा रहे हैं, लेकिन गुरुवार को माछीवाड़ा साहिब की रैली में उनका झूठ बेनकाब हो गया है। खुद सीएम लोगों को कोरोना से बचने की बातें कर रहे है और अब लोगों की जान जोखिम में डाल रहे है। पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री का अपमान किया है। पीएम पंजाब के लिए कई बड़ी योजनाएं लेकर आए थे, जिनकी पंजाब बीते लंबे समय से मांग कर रहा था। - अनिल सरीन, प्रवक्ता पंजाब भाजपा
प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक के बाद उठे विवाद पर गुरुवार को पंजाब के सीएम चरनजीत सिंह चन्नी ने साफ कहा कि पंजाबी देश के लिए कुर्बानी देने में हमेशा आगे रहे हैं। सीएम ने कहा कि सच्चाई यह है कि रैली स्थल पर सिर्फ 700 लोग थे, इसलिए उन्हें वापस जाने को मजबूर होना पड़ा। बाद में पीएम की सुरक्षा का बहाना बनाकर पंजाब सरकार पर आरोप लगा दिया। बता दें कि गुरुवार को सीएम चन्नी माछीवाड़ा साहिब में सरकारी कॉलेज का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने अनाज मंडी में जनसभा को संबोधित किया।