सुनाम। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की ओर से गैंगस्टर धमकी के संबंध में किए गए बयान को गैर-जिम्मेदाराना करार दिया है। मान ने सीधा आरोप अकाली दल पर लगाया है। रविवार को गांव मंगवाल में मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम मान ने कहा कि यदि पूर्व सीएम को गैंगस्टर से धमकी मिल रही है, तो यह अकाली दल का काम है। अकाली दल ने ही गैंगस्टरों को बढ़ावा दिया और उन्हें टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) विकास और काम के आधार पर वोट मांग रही है जबकि विरोधी दल धर्म, जाति और पंथ की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि पंजाब के लोग अब विकास की राजनीति को अपना रहे हैं और नफरत फैलाने वाली पारंपरिक राजनीति को नकार चुके हैं। सीएम मान ने यह भी कहा कि सेहत और शिक्षा के क्षेत्र में सुधार किए गए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव अब दिखने लगा है। उनके अनुसार पंजाब में अब समाज को बांटने वाली और नफरत फैलाने वाली पार्टियों के लिए कोई जगह नहीं है।