फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ludhiana News: तस्कर को गिरफ्तार करने गई सीआईए टीम पर हमला, क्रास फायरिंग में युवक घायल

Thu, 12 Sep 2024 11:03 PM IST
चंडीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना
विज्ञापन
विज्ञापन
हमलावरों ने कांस्टेबल के सिर पर तीखी चीज से किया हमला, डीएमसी अस्पताल में दाखिल है मुलाजिम
विज्ञापन

गोली लगने से घायल युवक को अस्पताल से मिली छुट्टी, तीन लोगों को लिया हिरासत में, बाकी नामजद
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। धांधरा रोड स्थित गांव महमूदपुरा की धांधरा इन्क्लेव इलाके में वीरवार की सुबह हथियार तस्करों की सूचना पाकर एक घर में दबिश देने गई सीआईए वन की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। पुलिस मुलाजिम को हमलावरों ने उसके सिर पर तीखी चीज से हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया।
हैरानी की बात यह है कि पुलिस मुलाजिमों पर हमलावरों ने गोली चला दी। किसी तरह से खुद का बचाव कर पुलिस ने क्रास फायरिंग की तो एक गोली युवक की जांघ पर जा लगी। इससे वह बुरी तरह से घायल होकर वहीं गिर गया। पुलिस की गोली चलते ही वहां मौजूद सभी लोग वहां से फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने तीन लोगों को काबू कर लिया है। पुलिस ने घायल मुलाजिम कांस्टेबल संदीप सिंह और गोली लगने से घायल हुए रोहित हीरा को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां से संदीप को डीएमसी अस्पताल तो रोहित को दीप अस्पताल रेफर कर दिया। दीप अस्पताल से इलाज के बाद डाॅक्टरों ने रोहित को छुट्टी दे दी। जिसे पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है। पुलिस ने इस मामले में रोहित, उसके भाई मनीष, विजय कुमार और वरिंदर कुमार के साथ-साथ 13 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
विज्ञापन

जॉइंट पुलिस कमिश्नर जसकिरणजीत सिंह तेजा ने बताया कि सीआईए वन की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मनीष के घर कुछ लोग अवैध हथियार के साथ इकट्ठा हुए हैं। वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। इसके बाद पुलिस ने तुरंत अधिकारियों के ध्यान में लाकर वहां दबिश देनी चाही। दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस टीम ने दरवाजा खटखटाया तो दरवाजा खुलते ही टीम अंदर घुस गई। अंदर जाते ही हमलावरों ने टीम पर हमला कर दिया। किसी तरह से पुलिस ने अपना बचाव करना चाहा तो कांस्टेबल संदीप सिंह के सिर पर गहरी चोट मार दी गई। बाकी टीम पर भी डंडे बरसाने शुरू कर दिए। इसी दौरान जब पुलिस ने विरोध किया तो एक हमलावर ने पुलिस पर गोली चला दी। किसी तरह से सभी मुलाजिम बचे तो पुलिस ने क्रास फायरिंग कर दी। इसमें गोली रोहित के जांघ पर जा लगी और आरपार हो गई। इसके बाद सभी वहां से फरार हो गए। जेसीपी तेजा ने बताया कि तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि बाकी फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लगाए आरोप, जानबूझ कर फंसाने की है साजिश
पुलिस की गोली लगने से घायल रोहित की पत्नी सुखप्रीत ने बताया कि सारा परिवार ही घर पर था। उन्होंने कहा कि एक दम से पुलिस टीम दरवाजा खटखटाने लगी और कहा कि मनीष को गिरफ्तार करना है। पहले तो परिवार ने सोचा कि कोई लूट की वारदात को अंजाम देने वाले हो सकते हैं क्योंकि सभी मुलाजिम सिविल वर्दी में थे। सुखप्रीत ने आरोप लगाया कि कुछ मुलाजिम दीवार फांद कर अंदर आ गए और कुछ गेट को धक्का दे अंदर घुस गए। आते ही उन्होंने सभी के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
पहले पुलिस ने लाठियों और डंडों से पीटा। रोहित की पत्नी ने आरोप लगाया कि उन्होंने कोई गोली नहीं चलाई बल्कि पुलिस ने खुद ही दो गोलियां चलाई हैं, जिसमें से एक गोली उनके पति को लगी है। सुखप्रीत ने आरोप लगाया कि पुलिस उनकी सास और उन सभी के मोबाइल भी अपने साथ ले गई। सुखप्रीत ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनका देवर क्या करता है, जबकि उनका पति तो एक दवा कंपनी में काम करता है। पुलिस ने यह भी नहीं बताया कि मुनीश पर केस क्या है और किसलिए उसे काबू करने के लिए आए हैं।
विज्ञापन

जेसीपी ने परिवार के आरोपों को नकारा, बोले किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे आरोपी
जेसीपी जसकिरणजीत सिंह तेजा ने बताया कि परिवार द्वारा आरोप गलत लगाए जा रहे हैं। जानकारी मिलने के बाद ही पुलिस दबिश देने गई थी। इलाके में जांच के दौरान पता चला है कि पहले भी कई बार हरियाणा पुलिस दबिश देने उनके घर आ चुकी है। अब हरियाणा पुलिस से संपर्क कर पता किया जाएगा कि कौन से जिले की और-कौन से थाने की पुलिस किस केस में पहले दबिश देने आ चुकी है। उन्होंने कहा कि एक अवैध हथियार बरामद किया गया है। बाकी आरोपियों का पिछला रिकाॅर्ड भी चेक किया जा रहा है। जल्द ही सारा मामले से पर्दा हटा लिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें