गांव मंडेर में अपने दोस्तों के साथ नहर पर नहाने गए 12 वर्षीय बच्चे की नहर में डूबने से मौत हो गई। हादसे से साथ गए दो दोस्त इतना सहम गए कि घर आकर बताया भी नहीं। काफी देर बाद पता चलने पर नहर से बच्चे का शव बरामद हुआ।
शुक्रवार दोपहर महकदीप सिंह (12) अपने दो दोस्तों के साथ खेलने के लिए घर से गया। खेलते खेलते वह नहाने के लिए नहर पर चले गए। दोस्तों के पीछे महकदीप भी नहाने के लिए नहर में उतर गया। महकदीप तैरना नहीं जानता था। जब वह डूबने लगा तो दोस्तों ने उसको रस्सी से बचाने की कोशिश की लेकिन वह डूब गया।
घटना के बाद सहमे उसके दोनों दोस्त घर आकर सो गए। जब महकदीप की मां ने उनसे उसके बारे में पूछा तब जाकर उन्होंने महकदीप के पानी में डूबने की बात बताई। परिवार वालों ने तुरंत नहर पर जाकर महकदीप को ढूंढना शुरू किया। उसका शव गांव संघरेडा के पास से नहर में बरामद हुआ। बच्चे का देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया।