लुधियाना। सुभानी बिल्डिंग के पास स्थित होटल अमनदीप के मालिक हरिंदर की शुक्रवार को पैसों के लेनदेन को लेकर कश्मीरियों से विवाद के दौरान मौत हो गई थी। थाना डिवीजन तीन की पुलिस ने राजगुरु नगर निवासी हरिंदर सिंह के बेटे जसकीरत सिंह की शिकायत पर रड़ी मोहल्ला निवासी हबीब उल्लाबीर, शब्बीर अहमद और अब्दुल समद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जसकीरत सिंह ने बताया कि उनके पिता हरविंदर सिंह होटल का कारोबार करने के साथ-साथ कश्मीरियों से भी कारोबार करते थे। वह हर बार अप्रैल के महीने में हिसाब करते और कुछ समय के लिए कश्मीर लौट जाते थे। आरोपियों ने उनके पिता को लेनदेन के लिए बुलाया था। वह, उसके पिता और ड्राइवर वहां चले गए। अमन के मुताबिक उसके पिता अंदर चले गए जबकि वह और उनका ड्राइवर बाहर ही मौजूद थे। कुछ देर बाद उन्होंने देखा तो कश्मीरी मिलकर उनके पिता को पीट रहे हैं। वह पीटते-पीटते उन्हें गली में ले आए।
अमन का कहना है कि उसने पिता को पिटते देखा तो वह उन्हें बचाने के लिए भागा। उसने एक कश्मीरी के रॉड भी मारी। अमन के मुताबिक इसके बाद वह पिता को पकड़कर होटल लाया। वहां आते ही वह गिर गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विवाद बढ़ता देख थाना डिविजन तीन पुलिस ने जांच की और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। थाना डिवीजन तीन के एसएचओ इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।