गांव भगवाला में शनिवार दोपहर को तेज रफ्तार बेकाबू कार कबाड़ी के दुकान में घुस गई और तीन लोगों को कुचल दिया। दो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक ने पीजीआई पहुंचते ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार शनिवार को दोपहर गांव भगवाला के पास सड़क किनारे बनी कबाड़ की दुकान में दो मजदूर काम कर रहे थे और एक व्यक्ति समान बेचने आया था। इस दौरान श्री आनंदपुर साहिब की तरफ से तेज रफ्तार एक कार बेकाबू होकर दुकान में घुस गई।
कार ने तीन लोगों को बुरी तरह कुचल दिया। मदद को पहुंचे लोगों ने तीनों को बड़ी मुश्किल से कार के नीचे से निकाला। वहीं, जख्मी लोगों को लेने पहुंची 108 एंबुलेंस के ड्राइवर ने नरेश कुमार (30) और बंटी (22) को मृत बताते हुए इन्हें अस्पताल ले जाने से मना कर दिया। यही नहीं, लोगों के विरोध के बाद तड़प रहे 16 वर्षीय गौतम को भी काफी देर बाद अस्पताल ले जाने के लिए माना।
आखिरकार नरेश और बंटी को प्राइवेट कार से श्री आनंदपुर साहिब सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। गौतम को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। पीजीआई पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। बंटी और गौतम अविवाहित थे जबकि नरेश के परिवार में पत्नी और एक बेटी-बेटा है।
चंडीगढ़ निवासी आरोपी गिरफ्तार
थाना कीरतपुर साहिब की पुलिस ने कार चालक रविंदर सिंह पुत्र गुरबचन सिंह निवासी पलसोरा, चंडीगढ़ को मौके से गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध 279, 337, 304 ए के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसआई बलवीर चांद ने बताया के रविंद्र सिंह चंडीगढ़ से अमृतसर जा रहा था लेकिन वह श्री गुरु गोबिंद सिंह मार्ग से श्री आनंदपुर साहिब की तरफ गलती से आ गया। जब वह टोल प्लाजा के नजदीक पहुंचा तो वहां से उसे पता चला कि वह गलत दिशा में आ गया है। इसके बाद वह तेजी से कीरतपुर साहिब की तरफ जा रहा था।