संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हलवारा परिसर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। ट्राइडेंट कंपनी के अधिकारी को छोड़कर लौट रहे 55 वर्षीय कार चालक मुकेश कुमार की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। उनकी कार एयरपोर्ट परिसर में डिवाइडर से जा टकराई।
बरनाला निवासी मुकेश कुमार एक अधिकारी को दिल्ली की फ्लाइट से रवाना करने एयरपोर्ट पहुंचे थे। अधिकारी को छोड़ने के बाद वे अपनी कार से बरनाला लौट रहे थे। इसी दौरान एयरपोर्ट परिसर के भीतर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। दिल का दौरा पड़ने से कार पर नियंत्रण खो गया और वह डिवाइडर से टकरा गई। एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। टैक्सी चालक जतिंदर सिंह ने तत्परता दिखाते हुए मुकेश कुमार को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्हें दोबारा गंभीर हार्ट अटैक आया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कार्रवाई और परिवार की अपील
घटना की सूचना पर थाना सुधार और एयरपोर्ट पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। मुकेश कुमार के परिजनों ने पुलिस से पोस्टमार्टम न कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि मौत हृदयाघात से हुई है। इसके बाद शव को बरनाला भेज दिया गया। थाना सुधार के प्रभारी कुलविंदर सिंह ने कहा कि परिवार की मांग पर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।