खन्ना पहुंचे मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र खन्ना पहुंचे गुरकीरत सिंह कोटली ने पार्टी छोड़ने का एलान कर चुके पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना नेता बताया। पूर्व मुख्यमंत्री की तारीफ में उन्होंने कहा कि हम उन्हीं के कामों को आगे बढ़ा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: पंजाब: अब मंत्री आशु ने साधा अमरिंदर पर निशाना, बोले- अगर उन्होंने कांग्रेस छोड़ी तो अकेले पड़ जाएंगे
कैबिनेट मंत्री बनने के बाद गुरकीरत सिंह कोटली शनिवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र खन्ना पहुंचे। यहां नगर परिषद परिसर में उनका स्वागत परिषद प्रधान कमलजीत सिंह व उप प्रधान जतिंदर पाठक ने किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए कोटली ने कैप्टन को अपना नेता बताया।
पूर्व मुख्यमंत्री के पार्टी छोड़ने को लेकर पूछे सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कैप्टन हमारे बड़े हैं। वह साढ़े नौ साल मुख्यमंत्री रहे। चन्नी मंत्रिमंडल के मंत्री कोटली ने पार्टी छोड़ने का एलान कर चुके पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने पंजाब के लिए बहुत काम किया।
उनके किए कामों को ही वे लोग आगे बढ़ा रहे हैं। हालांकि उन्होंने कैप्टन को पार्टी का वरिष्ठ नेता बताते हुए उम्मीद जताई कि वह मार्गदर्शक बनकर सबकी अगुवाई करें, ताकि, वे लोग पंजाब को बचाने के अपने मकसद में सफल हो सकें।
यह भी पढ़ें: रणदीप सुरजेवाला बोले- 78 विधायकों ने लिखकर दिया, उसके बाद कैप्टन को बदला गया
उधर, ब्लाक समिति चैयरमैन सतनाम सिंह सोनी की अगुवाई में इकालाहा जोन व ईसडू जोन के गांवों के लोग मंत्री कोटली को बधाई देने के लिए एक निजी पैलेस में पहुंचे। इस अवसर पर मार्केट कमेटी चैयरमैन गुरदीप सिंह रसुलड़ा, खन्ना नगर परिषद के पूर्व प्रधान विकास मेहता व उनके साथ खन्ना के सभी कांग्रेस पार्षदों ने भी कोटली का स्वागत किया।