कोरोना बीमारी को खत्म करने के लिए सरकार वैक्सीनेशन कैंप लगा रही है, लेकिन इस पर राजनीति भी खुलकर हो रही है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से राजगुरु नगर में कोरोना वैक्सीन के लिए लगाए कैंप में कोविड 19 के नियमों की खुलकर धज्जियां उड़ाईं गई। कैंप में 100 से अधिक लोग थे। कोई सोशल डिस्टेंसिंग नहीं थी। जब भाजपा के कार्यक्रम की कवरेज करने के लिए मीडिया कर्मचारी गए तो भाजपा के वर्करों ने मीडिया वालों से बदसलूकी की। जब पंजाब भाजपा नेता जीवन गुप्ता और जिला भाजपा के प्रधान पुष्पिंदर सिंह से बात की गई तो उन्होंने इसका भी ठीकरा सरकार के सिर पर फोड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार के इंतजाम ही गलत थे।
भारतीय जनता पार्टी की तरफ से राजगुरु नगर इलाके में कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए एक कैंप का आयोजन किया गया था। कैंप के दौरान भी बीस लोगों को इकट्ठा करने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के आदेश हैं, लेकिन भाजपा के इस कैंप में सौ से अधिक लोग पहुंच गए। इस दौरान सोशिल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं किया गया। जब इसकी कवरेज करने की कोशिश की गई तो भाजपा वर्कर मीडिया कर्मियों से भिड़ गए। जब भाजपा नेता जीवन गुप्ता से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि प्रबंध दुरुस्त किए जा रहे हैं। जब जिला प्रधान से बात की तो उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की गलती के कारण यह हो रहा है। सरकार भाजपा को कैंप लगाने की इजाजत नहीं दे रही। जो कैंप लगाए जा रहे है उसमें लोगों की भीड़ इकट्ठी हो रही है। हैरानी की बात यह है कि राजगुरु नगर इलाके को प्रशासन की तरफ से माइक्रोकंटेनमेंट जोन घोषित किया हुआ है। लोगों का कहना है कि कैंप लगाने वालों को पहले प्रबंध देख लेने चाहिए थे। भीड़ से कोरोना कम होने की बजाय और बढे़गा।