संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी गोबिंदगढ़। औद्योगिक में रेलवे लाइन के पास करीब सात से नौ माह के बच्चे का शव मिलने से शहर में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और बच्चे की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 अक्तूबर को मंडी गोबिंदगढ़ और सरहिंद के बीच न्यू रेलवे स्टेशन मंडी गोबिंदगढ़ के नजदीक रेलवे किलोमीटर संख्या 1046 से 1048 के बीच बच्चे का शव मिला। बच्चे ने सफेद रंग की बूटीदार कमीज पहनी हुई थी। मौके की स्थिति के अनुसार, शव की बाईं टांग और पेट के कुछ हिस्से पर चोट अथवा जानवरों द्वारा नुकसान पहुंचाए जाने जैसे निशान दिखाई दिए। बच्चे की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शव को घटनास्थल से उठवाकर नागरिक अस्पताल मंडी गोबिंदगढ़ के शवगृह में 72 घंटे के लिए रखवाया गया है, ताकि उसकी पहचान की जा सके।
फोटो कैप्शन02: रेलवे लाइन के पास मिला अज्ञात बच्चे का शव।