शहर के बिजनेस हब के नाम से मशहूर फिरोज गांधी मार्केट में शनिवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो लुटेरों ने कपड़ा व्यापारी को धक्का देकर साढ़े तीन लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। कपड़ा व्यापारी एसबीआई में पैसे जमा कराने के लिए आया था। कपड़ा व्यापारी हंबड़ा रोड हैबोवाल के रहने वाले अरुण सुधा से सूचना मिलने पर पुलिस के आलाधिकारी और थाना डिवीजन पांच की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में अरुण सुधा ने बताया कि उनकी बाजड़ा रोड पर कपड़े की फैक्ट्री है। वह रोजाना फिरोज गांधी मार्केट स्थित एसबीआई में पैसे जमा कराने आते हैं। इसी बीच पीछे से बाइक सवारों ने उसे धक्का दे दिया। इससे वह नीचे गिर गए। इसके बाद आरोपी नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
इसके बाद उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अरुण से आरोपियों का हुलिया जानना चाहा, लेकिन अरुण कुछ बता नहीं सके। पुलिस ने अरुण से बाइक का नंबर पूछा तो उन्होंने कह दिया कि वह नीचे गिरा पड़ा था, जिस कारण नंबर देख नहीं पाया। अब पुलिस आसपास और सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत लगे सीसीटीवी कैमरे चेक करने में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगा उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस आशंका जता रही है कि वारदात को अंजाम देने वालों को पूरी तरह से पता था कि अरुण किस समय बैंक में पैसे जमा कराने आते है और उनके पास कितना कैश होता है। पुलिस इस मामले में कई थ्योरियों पर जांच करने में जुटी है। एसीपी जतिंदर चोपड़ा ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।