हिमाचल के ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही तेज बारिश का असर भाखड़ा डैम के पीछे बनी विशाल गोबिंद सागर झील में देखने को मिल रहा है। बीते वर्ष के मुकाबले इस बार गोबिंद सागर झील में 112 फुट पानी अधिक है जिससे बीबीएमबी मैनेजमेंट के चेहरे खिले हुए है।
डैम के तेजी से बढ़ते जल स्तर को देखते हुए बीबीएमबी मैनेजमेंट ने बीबीएमबी के मुख्य अभियंता अश्वनी कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में फ्लड गेट को खोलकर भी जांचा ।
बीबीएमबी मैनेजमेंट की ओर से दर्शाए गए आंकड़ों के अनुसार 55408 क्यूसेक पानी की आमद के साथ ही भाखड़ा डैम का जलस्तर 1615.27 फुट तक जा पहुंचा है। बीते वर्ष आज के ही दिन डैम का जलस्तर 1503 फुट ही दर्ज किया गया था। भाखड़ा डैम से टरबाइनों के माध्यम से 35078 क्यूसेक पानी छोड़कर 301.46 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया।
बीबीएमबी मैनेजमेंट की मानें तो भाखड़ा डैम में बिजली निर्माण में जुटी सभी टरबाइनें दिन रात उत्पादन में जुटी हुई है। भाखड़ा डैम से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण नंगल की दोनों नहरें व सतलुज लबालब भरे हुए हैं। नंगल डैम से नंगल हाईडल नहर में 12500 व श्री आनंदपुर साहिब हाईडल में 10150 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। सतलुज में 12400 से भी अधिक क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।