सत्याग्रह आंदोलन के तहत रैल बरामद खड्ड से रेत निकालने के आरोप में नवांशहर पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए बैंस बंधुओं की जमानत याचिका पर अब 19 मई को सुनवाई होगी।
पुलिस सोमवार को अदालत में रिकॉर्ड पेश नहीं कर पाई। ऐसे में अदालत ने अब पुलिस प्रशासन को 19 मई को रिकॉर्ड पेश करने को कहा है। टीम इंसाफ के वकील जेएस ठाकुर ने यह जानकारी दी है।
रेत माफिया के खिलाफ सत्याग्रह आंदोलन चला रहे विधायक सिमरजीत सिंह बैंस व बलविंदर सिंह बैंस के नेतृत्व में टीम इंसाफ के सदस्यों को पुलिस ने विभिन्न धाराओं में 14 मई को काबू किया था। 15 मई को उनको बलाचौर की अदालत में पेश किया गया।
अदालत ने सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में लुधियाना सेंट्रल जेल भेज दिया। उस समय टीम इंसाफ के वकील जेएस ठाकुर ने अदालत में जमानत के लिए याचिका दायर कर दी थी। इस पर अदालत ने पुलिस को 18 मई को रिकॉर्ड लाने के निर्देश दिए थे।