लुधियाना में आवाज-ऐ-पंजाब का ऐलान करने के बाद आयोजित रैली को संबोधित करते विधायक सिमरजीत सिंह बैंस।
- फोटो : अमर उजाला
आवाज-ए-पंजाब मोर्चे का एलान करने के बाद रविवार को विधायक सिमरजीत सिंह बैंस पब्लिक मीटिंग में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि जब से इस मोर्चे का गठन किया है, उसके बाद से आम आदमी पार्टी से नाराज नेता उनके संपर्क में सबसे ज्यादा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल के नेता भी इस पार्टी के साथ अहम रोल अदा करना चाहते हैं। जल्द ही राज्य में कई हैरान करने वाली सियासी फैसले देखने को मिलेंगे। रविवार को विधायक बैंस ब्रदर्स की टीम इंसाफ की तरफ से विधानसभा उत्तरी में पब्लिक मीटिंग रखी गई थी। मीटिंग टीम इंसाफ के विधानसभा उत्तरी के इंचार्ज रणधीर सिंह सीबिया की देखरेख में रखी गई थी।
विधायक बैंस ने कहा कि अब लोगों को पंजाब के लोगों की तरफ से बनाई गई राज्य स्तर की पार्टी मिलने वाली है। उन्होंने दावा किया कि यह पंजाबियों की पार्टी है, जिसमें बाहर से आए लोगों की जगह नहीं होगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की कमान पूर्व लोकसभा सदस्य नवजोत सिंह सिद्धू के हाथ होगी। आठ सितंबर को वह खुद इसका रस्मी तौर पर एलान करेंगे। राज्य के लोगों के जो भी सवाल है, वह उनके जवाब देंगे।
उन्होंने कहा कि जो लोग यह कह रहे हैं कि यह मोर्चा हवा हवाई है, वह इसे सहन नहीं कर रहे हैं। यह मोर्चा इस बार विधानसभा चुनाव में अहम रोल अदा करेगा, साथ ही लोगों के लिए एक बड़ा विकल्प होगा। उन्होंने कहा कि आप ने चुनाव से पहले ही अपनी असलियत लोगों के सामने ला दी है।