सोमवार देर रात बाइक सवारो ने गाड़ी को घेरकर किए फायर, अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। लुधियाना-मोगा एरिया के अस्पतालों में मरीजों के लिए लंगर की सेवा करने वाले पिता-पुत्रों की गाड़ी पर सोमवार की देर रात को बाइक सवार दो लोगों ने हमला करते हुए गाड़ी पर गोलियां चला दी। गनीमत रही कि इस वारदात में तीनों की जान बच गई।
इसके बाद पीड़ित पिता-पुत्रों ने इस संबंधी पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस संबंधी सूचना मिलते ही आनन फानन में थाना सदर की पुलिस समेत पुलिस अधिकारी भी घटना स्थल पहुंचे जहां पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए फिलहाल अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया। इस मामले सेबंधी जानकारी देते हुए थाना सदर के अधीन पड़ती चौकी चौकी-मान के इंचार्ज सुखमंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित जसविंदर सिंह निवासी रूमी ने पुलिस को दर्ज करवाई।
शिकायत में बताया कि वह एकता वेलफेयर ट्रस्ट नाम की संस्था चलाते हैं। लुधियाना, मोगा, जगरांव के अस्पतालों में जाकर मरीजों के लिए लंगर कपड़ों व किताबों की सेवा करते हैं उनकी रोजाना तीन गाड़ियां अलग-अलग शहरों के अस्पतालों में जाती हैं। एक गाड़ी उसका भाई अर्शदीप सिंह मोगा के अस्पतालों में लंगर की सेवा लेकर जाता है जबकि दूसरी अमरजीत सिंह जगरांव के अस्पताल और तीसरी गाड़ी वह खुद लुधियाना के अस्पतालों में लंगर लेकर जाते हैं। जब देर शाम अस्पतालों में लंगर बांटकर वापस आ रहे थे तो रास्ते में उसकी गाड़ी खराब हो गई। उन्होंने अपने भाई को फोन कर गाड़ी खराब होने की सूचना दी। इसके बाद उनका भाई उन्हें लेने आया तो उन्होंने खराब हुई गाड़ी को ठीक करने के लिए मैकेनिक के पास छोड़ दी। वह अपने भाई व पिता के साथ बलेरो गाड़ी में जगरांव से गांव रूमी अपने घर की तरफ जाने लगे। करीब सवा 11 गांव ढोलन के पास पहुंचे तो बाइक सवार दो लोगों ने उनकी गाड़ी को क्रॉस किया फिर अपनी बाइक धीरे कर ली। जैसे ही उनकी गाड़ी बाइक सवारों के नजदीक पहुंची तो बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने बेसवाल के साथ उनकी गाड़ी पर हमला करते हुए शीशा तोड़ दिया फिर आरोपियों ने बाइक को गाड़ी से थोड़ा आगे कर उनकी गाड़ी पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। एक गोली बोनट पर लगी जबकि दूसरी गोली रेडीनेटर पर जाकर लगी जब उन्होंने अपनी गाडी रोकी तो हमलावर रायकोट की तरफ फरार हो गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को गोलियां चलने की सूचना दी, पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
सीसीटीवी खंगालने में लगी पुलिस
जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की गहराई से जांच करने के साथ साथ घटनास्थल के आसपास और रायकोट रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है ताकि बाइक सवार हमलावरों का कोई सुराग मिल सके। वहीं, पुलिस जीमेल का आईपी एड्रेस भी चेक कर रही है जिससे धमकियां आने संबंधी कहा जा रहा है। जांच के बाद पुलिस जल्द ही इस मामले में खुलासा करेगी।