बसंत नगर में पीछा कर रहे पीसीआर दस्ते पर युवाओं ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने पीसीआर मुलाजिम की वर्दी फाड़ दी, वही उसकी असाल्ट राइफल भी छीनने का प्रयास किया गया। थाना डाबा की पुलिस ने एएसआई रजिंदर पाल की शिकायत के आधार पर गांव लोहारा निवासी इंद्र सिंह, गुरविंदर सिंह, सतनाम सिंह एवं हिंदा के खिलाफ मामला दर्ज किया। बाद में पुलिस ने इंद्र सिंह एवं गुरविंदर सिंह को काबू कर लिया।
थाना डाबा प्रभारी पवित्र सिंह ने बताया कि एएसआई रजिंदरपाल सिंह एवं जगदीप सिंह 23 अगस्त को पीसीआर दस्ते में इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे थे। उन्हें रात करीब 11 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि बसंत नगर में गुरप्रीत कौर के घर के बाहर हथियारों से लैस होकर कुछ युवक घर पर ईंटें बरसाते हुए हुल्लड़बाजी कर रहे है। पीसीआर दस्ते को देखते आरोपी ढिल्लो नगर की तरफ भागने लगे।
इस पर पीसीआर दस्ता उनका पीछा करने लगा। कुछ दूरी पर जाकर दो आरोपियों का मोटरसाइकिल स्लिप हो गया। जैसे उन युवकों को काबू करने लगे तभी एक युवक ने एएसआई पर कृपाण से हमला कर जख्मी कर दिया। दूसरे युवक ने उसकी असाल्ट राइफल छीनने का प्रयास किया। एएसआई का बीच बचाव करने कांस्टेबल जगदीप सिंह आया तो युवकों ने उसकी वर्दी फाड़ दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद दो को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से एक मोटरसाइकिल और कृपाण बरामद कर ली गई है। अन्य दो की तलाश में छापामारी जारी है।