छह जून को श्री दरबार साहिब में घल्लूघारा दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में एसजीपीसी और सिख संगठनों में होने वाले अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने छापामारी कर सिख संगठनों के कई नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है। कुछ सिख नेताओं के घरों पर पुलिस ने दबिश देकर उन्हें हिरासत में ले लिया जबकि कई नेता पुलिस के हाथ नहीं आ सके।
पुलिस ने शुक्रवार रात छापामारी में गरम ख्याली बाबा हरदीप सिंह महिराज, बाबा चमकौर सिंह भाईरूपा, भाई गुरदीप सिंह बठिंडा, भाई दलजीत सिंह बिट्टू, डा.गुरविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शिअद (अ) के जिला अध्यक्ष परमिंदर सिंह बालियांवाली को गिरफ्तार करने के लिए उनके घर छापामारी की लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं आ सके। अधिकारियों ने बताया कि उक्त नेताओं को एहतियात के तौर पर हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार इस बार आयोजित सरबत खालसा में टकराव की संभावनाएं बढ़ गई हैं। इस कारण पुलिस सिख संगठनों के नेताओं को पहले ही गिरफ्तार करने में जुट गई है। पता चला है कि कुछ नेताओं की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सुबह भी छापामारी की है। बाबा सुखदेव सिंह जोगानंद, गमदूर सिंह खालसा, मेजर सिंह मलूका और सीताराम दीपक ने भाई गुरदीप सिंह की गिरफ्तारी की सख्त शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार लोगों में अपना विश्वास गंवा चुकी है।