पुलिस ने दंपती पर दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। गांव जंडियाली के रहने वाला एक युवक विदेश जाने चक्कर में अपने लाखों रुपये धोखेबाज महिला एजेंट के हाथों गंवा बैठा। अपने साथ हुई ठगी का पता चलते ही पीड़ित युवक ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवा दी।
पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद आरोपी एजेंट महिला समेत उसके पति के खिलाफ भी धोखाधड़ी का मामला थाना सिटी में दर्ज कर लिया। आरोपियों की पहचान परमजीत कौर व सुरिंदरपाल सिंह निवासी दाना मंडी रोड शेरपुर चौक जगरांव के रूप में हुई है। इस मामले संबंधी जानकारी देते हुए थाना सिटी के एएसआई शमिंदर जीत सिंह ने बताया कि पीड़ित मनप्रीत सिंह निवासी गांव जंडियाली ने पुलिस को दर्ज कार्रवाई शिकायत में बताया कि वह विदेश जाना चाहता था। उसकी माैसी ने बताया कि उसकी गुरु नानक एयर ट्रैवल चलाने वाली महिला के साथ जान पहचान है। इसके चलते वह शेरपुरा चौक में बने ट्रैवल एजेंट के दफ्तर में उनसे मिलने चला गया। वहां पर आरोपी दंपती से मिला और कनाडा जाने संबंधी बातचीत की गई। इस दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कई लोगों को कनाडा भेजा है, वह उसे भी जल्द ही कनाडा भेज देंगे।
आरोपियों ने उसे जाली लगे वीजा दिखाकर उसे विश्वास दिलाया। इस दौरान उनकी 16 लाख रुपये में बात तय हो गई। इसके चलते आरोपियों ने उससे पासपोर्ट समेत कागज पत्र सब कुछ हासिल कर लिया। इसके बाद उसने आरोपियों के खाते में 9 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए, जिसके बाद उसने कई बार आरोपियों से कनाडा जाने संबंधी बात की तो आरोपी टालमटोल कर उसे वापस भेज देते थे। काफी समय बाद भी जब आरोपियों ने उसे न तो कनाडा भेजा न ही पैसे लौटाए, पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने जांच में आरोपी दंपती पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।