लुधियाना मे मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा है कि जमीन खरीद घोटाले के आरोपों में घिरे पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा के खिलाफ जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी।
बाजवा चंडीगढ़ से सटे इलाकों में शामलात जमीन खरीदने में घोटाला किए जाने का आरोप मुख्य संसदीय सचिव एनके शर्मा द्वारा लगाए गए थे।
यह मामला बीते सप्ताह पंजाब विधानसभा में भी गूंजा। मुख्यमंत्री बादल ने बाबा विश्वकर्मा दिवस के मौके पर सोमवार को गुरु नानकदेव भवन में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सारे केस की गहन छानबीन की जाएगी। उसके बाद ही सरकार कोई कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिअद ने कभी भी बदले की राजनीति नहीं की है।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर लोगों से आह्वान किया कि वे लोकसभा चुनाव में केंद्र से यूपीए सरकार को चलता करें। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार हर मोर्चे पर बुरी तरह फेल साबित हुई है।
देश में एनडीए के पक्ष में लहर चल रही है। इससे कांग्रेस घबराहट में है और अब ओपिनियन पोल पर पाबंदी लगाने की मांग कर रही है।
उन्होंने कहा कि देश में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अनपढ़ता के लिए पूरी तरह से केंद्र सरकार जिम्मेदार है। तरक्की के लिए कांग्र्रेस को जड़ से उखाड़ना ही होगा।
बादल ने औद्योगिक क्षेत्र में विशेष काम करने पर यूसीपीएमए के प्रधान चरणजीत सिंह विश्वकर्मा, इंद्रजीत सिंह सोहल, अमरजीत सिंह, सुरिंदर सिंह, बलदेव सिंह, ललित कोछड़, जसविंदर सिंह, विराट ढींगरा एवं रणजोध सिंह को सम्मानित किया।
इस अवसर पर विस के स्पीकर चरणजीत सिंह अटवाल, भगत चुन्नी लाल, शरणजीत सिंह ढिल्लों, रणजीत सिंह ढिल्लों, परवीन बांसल, हीरा सिंह गाबड़िया, प्रो राजिंदर भंडारी और प्रेम मित्तल भी मौजूद थे।