फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब में पाकिस्तानी 'आंखें': दुकान के बाहर लगवाए सीसीटीवी, पाकिस्तान को लाइव फीड; जासूसी नेटवर्क का खुलासा

Sun, 30 Aug 2026 10:08 PM IST
विकास कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना

सार

आरोपी की पहचान गुरदासपुर जिले के फतेहगढ़ चूड़ियां के सराफकोट निवासी रासपाल सिंह पुत्र स्वर्गीय करमजीत सिंह के रूप में हुई है। संयुक्त टीम ने उसे 27 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर काबू किया। 
विज्ञापन
पंजाब में जासूस गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के आरोप में लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने फिरोजपुर रोड स्थित न्यू सुंदर नगर में किराये पर दुकान लेकर वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए थे और इन कैमरों की लाइव फीड पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों को उपलब्ध कराई जा रही थी। इस फीड के जरिए लुधियाना में सुरक्षा गतिविधियों और सुरक्षा बलों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही थी।

विज्ञापन

पुलिस ने ऐसे पकड़ा
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान गुरदासपुर जिले के फतेहगढ़ चूड़ियां के सराफकोट निवासी रासपाल सिंह पुत्र स्वर्गीय करमजीत सिंह के रूप में हुई है। संयुक्त टीम ने उसे 27 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर काबू किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो सीसीटीवी कैमरे, वाई-फाई राउटर/बॉक्स, पावर एडाप्टर और 64 जीबी का मेमोरी कार्ड बरामद किया है।

अस्पताल के सामने किराये पर ली थी दुकान
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रासपाल सिंह ने प्लॉट नंबर-1, न्यू सुंदर नगर, फिरोजपुर रोड पर मेडिवे अस्पताल के सामने एक दुकान किराये पर ली थी। दुकान के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। आरोप है कि इन कैमरों की लाइव स्ट्रीमिंग की पूरी पहुंच पाकिस्तान में बैठे खुफिया एजेंटों को दी गई थी। पुलिस का कहना है कि पाकिस्तानी ऑपरेटिव इस लाइव फीड के जरिए लुधियाना जिले में सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न सुरक्षा गतिविधियों की निगरानी कर रहे थे। इसी जानकारी का इस्तेमाल अलग-अलग मोबाइल नंबरों से धमकियां देने के लिए किए जाने की भी जांच की जा रही है।

सुरक्षा और रणनीतिक गतिविधियों की जानकारी भेजने का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी केवल सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं था। उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा एजेंसियों और रणनीतिक गतिविधियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलरों तक पहुंचाने का भी आरोप है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक कितनी संवेदनशील जानकारी साझा की और उसके संपर्क में पाकिस्तान में कौन-कौन लोग थे।

छह दिन के रिमांड पर आरोपी
मामले में थाना सराभा नगर में 27 अगस्त 2026 एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट-1923 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य अब तक पाकिस्तान भेजी गई संवेदनशील सूचनाओं, उसके पाकिस्तानी हैंडलरों, नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और भविष्य की किसी संभावित योजना का पता लगाना है।
विज्ञापन

नशा तस्करी का भी मामला दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी रासपाल सिंह के खिलाफ इससे पहले भी मामला दर्ज है। थाना डेरा बाबा नानक में 26 जून 2026 को उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।

संयुक्त टीम में सीआईए स्टाफ लुधियाना के प्रभारी इंस्पेक्टर अवतार सिंह, थाना सराभा नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर हर्षवीर सिंह और काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना के इंस्पेक्टर कैलाश शामिल रहे। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में की गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें