बाहरी इलाकों से हेरोइन की खेप लाकर महानगर में सप्लाई करने वाले एक आरोपी को थाना डिवीजन तीन की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 15 ग्राम हेरोइन और बाइक बरामद की है।
आरोपी की पहचान क्वालिटी चौक निवासी सरबजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। वहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
जांच अधिकारी एएसआई जगतार सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी वहां से गुजर रहा था। पुलिस को देख आरोपी घबरा गया और पीछे मुड़ गया।
पुलिस ने आरोपी का पीछा कर उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी बाहरी इलाकों से हेरोइन लाता था और महानगर में महंगे दाम में बेचता था।